सिविल अस्पताल के कसौटी भवन में की जा रही डीएनए सैंपलिंग

जयपुर ( दिव्य शंखनाद ) 13 जून | अहमदाबाद में हुए भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को हिला दिया है। विमान में हादसे के दौरान 242 यात्री सवार थे, इनमें 12 यात्री राजस्थान के भी थे। प्लेन क्रैश में सभी की मौत हो गई है।
अहमदाबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में प्लेन क्रैश की घटना के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है| एक-एक व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया जा रहा है| अपने परिजनों की पहचान के लिए अलग-अलग राज्यों और इलाकों से लोग पहुंच रहे हैं| पीड़ित परिवारों के लोग मृतकों की पहचान के लिए ब्लड सैंपल दे रहे हैं तो वहीं लोगों की मदद के लिए अलग-अलग धर्म के लोग भी सिविल अस्पताल पहुंच रहे हैं.मृतकों की पहचान के लिए ब्लड सैंपलिंग की जा रही है|
सिविल हॉस्पिटल इलाके में भारी संख्या में भीड़ देखने को मिल रही है| इस स्थिति को संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता जुटे हुए हैं|सिविल अस्पताल के कसौटी भवन में डीएनए सैंपलिंग की जा रही है| हादसे में काल कवलित हुए लोगों के परिवार सैंपल दे रहे हैं|
भीषण हादसे का शिकार हुए एयर इंडिया के विमान से बांसवाड़ा की रातीतलाई कॉलोनी में रहने वाले डॉक्टर जेपी जोशी के बेटे प्रतीक, बहू डॉ कौमी और तीन बच्चे मिराया, नकुल और प्रद्युत लंदन जा रहे थे। हादसे में पांचों की मौत हो गई। उदयपुर के मावली में रहने वाले प्रकाश मेनारिया पुत्र नारायण मेनारिया (48) और वर्दी चंद पुत्र नारायण लाल (54) निवासी वल्लभनगर भी फ्लाइट में सवार थे। दोनों पेशे से शेफ थे और साथ में यात्रा कर रहे थे। इसके अलावा उदयपुर के सहेली नगर में रहने वाले मार्बल कारोबारी संजीव मोदी के बेटे शुभ मोदी (25) और बेटी शगुन मोदी (22) भी इसी फ्लाइट में यात्रा कर रहे थे। दोनों भाई बहन लंदन घूमने जा रहे थे। दोनों ने एमबीए किया था और अपने पिता का बिजनेस संभाल रहे थे। हादसे में सभी की मौत हो गई।
बालोतरा की रहने वाली खुशबू राजपूतोहित पुत्री मदनसिंह राजपुरोहित भी सवार थी। जनवरी 2025 में खुशबू की शादी मनफूल सिंह निवासी खाराबेरा लूणी जोधपुर के साथ हुई थी। बुधवार को गांव से पिता मदनसिंह और चचेरे भाई खुशबू को अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने के लिए आए थे। वापस लौटते समय उन्हें हादसे की जानकारी मिली।
एयर इंडिया के क्रैश हुए प्लने में बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक किशनाराम नाई के दोहिते अभिनव परिहार पुत्र शिव परिहार भी सफर कर रहे थे। अभिनव लंदन में बिजनेस करते थे। हादसे में उनकी भी मौत हो गई है।
अहमदाबाद विमान हादसे का शिकार उदयपुर के गोगुंदा की रहने वाले पायल खटीक की मौत हो गई। पायल पढ़ाई के लिए एडमिशन लेने लंदन जा रही थी। वह अपने परिवार के साथ गुजरात के हिम्मत नगर में रहती थी। गोगुंदा में पायल की दादी को इसकी जानकारी नहीं है। पायल खटीक की मौत से पूरे क्षेत्र में फैली शोक की लहर फैल गई है। गोगुंदा विधायक प्रताप लाल गमेती, देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने हादसे को लेकर दुःख जताया है।


