
नाथद्वारा ( दिव्यशंखनाद ) 01 सितम्बर | भारत विकास परिषद् श्रीनाथजी शाखा द्वारा आज पूरे नाथद्वारा शहर व आस पास के क्षेत्र में ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें 16500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, इतिहास, भूगोल और गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है।
डॉ. के. एल. परमार, स्थानीय अध्यक्ष, ने बताया कि इस विशाल आयोजन में सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों का सक्रिय सहयोग मिला। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी विद्यालय के प्रभारी, प्रधानाचार्य, पी.ई.ई.ओ., खमनोर और देलवाड़ा ब्लॉक के मुख्य शिक्षा अधिकारियों और शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा मंत्रालय, राजस्थान सरकार के समर्थन और मार्गदर्शन से यह प्रतियोगिता सुचारु रूप से संपन्न हो पाई। सेवा प्रकल्प प्रभारी, खुश कमल स्वर्णकार ने बताया कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में भारतीय मूल्यों और गौरव के प्रति सम्मान जगाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि परिषद् इस कार्यक्रम को 2001 से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कर रही है।

प्रतियोगिता संयोजक, सुनीता जैन के अनुसार, ‘भारत को जानो’ चार स्तरों पर, कनिष्ठ और वरिष्ठ, दो वर्गों में आयोजित की गई। यह लिखित परीक्षा से शुरू होकर राष्ट्रीय स्तर पर मौखिक प्रश्नमंच तक जाएगी, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

महिला संयोजिका, चंचल वैरागी ने बताया कि नाथद्वारा और आसपास के क्षेत्रों में भारत विकास परिषद श्रीनाथजी शाखा व शिक्षा विभाग की 42 टीkkमों ने इतिहास रचते हुए खमनोर व देलवाड़ा ब्लॉक में 150 से अधिक विद्यालयों में जाकर 16500 विद्यार्थियों तक यह प्रतियोगिता पहुँचाई।
भारत विकास परिषद् के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और शिक्षा विभाग के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ


